आज के आधुनिक युग में सुख सुविधाओं के साधन बहुत ही तेजी से बढ़ रहे हैं और उतनी ही तेजी से बढ़ रही हैं मनुष्य के जीवन की समस्याएं। इसी बीच हर मनुष्य के मस्तिष्क में यह प्रश्न उठता है कि इस संघर्ष भरे जीवन में कैसे आगे बढ़ा जाए और एक अच्छा जीवन कैसे व्यतीत करें। अवश्य ही यह प्रश्न आपके मन में आते होंगे। आपका इस लेख को पढ़ना यह दर्शाता है कि आप अपने जीवन को लेकर चिंतित हैं। आपकी जिज्ञासा ही आपको यहां तक लाई है और आपकी आगे की यात्रा में सहायक भी होगी।
अच्छे जीवन का अर्थ सिर्फ यही नहीं है कि आप हर समय मुस्कुराते रहें या आपके जीवन में मनोरम परिस्थितियों का ताँता लगा रहे। जीवन के कई पहलू है जैसे:- आपका स्वास्थ्य, आपकी मनोस्थिति, आपका व्यवहार, आपका परिवार, आपके रिश्ते नाते, आपका व्यवसाय आदि। इन सभी का उचित संतुलन ही एक अच्छे जीवन की पहचान है।
संभवत आपके मन में यह प्रश्न उठे कि आखिर इतनी मेहनत कोई क्यों करें। जैसे सब जी रहे हैं वैसे हम भी जीते हैं। परंतु आपको यह बात समझनी होगी कि इस शरीर में आपके पास एक सीमित अवधि ही है और वह कितनी है कोई नहीं जानता। एक बार जो समय चला जाता है वह लौट के फिर कभी नहीं आता। भगवान ने हमें यह जीवन दिया है, यह शरीर दिया है और हमारा यह कर्तव्य बनता है कि हम इसका उचित उपयोग करें।
जब हम किसी की निंदा करते हैं तो हम अपनी ऊर्जा और बहुमूल्य समय व्यर्थ जगह पर लगाते हैं। जिसका कोई लाभ नहीं है परंतु हानि होने के अवसर बढ़ जाते हैं।
जैसा कि हमने जाना कि निंदा करना व्यर्थ है। अगर आपकी कोई निंदा करता है तो वह मूर्ख है और एक मूर्ख व्यक्ति पर अपनी उर्जा और समय व्यर्थ ना करें।
इस सृष्टि पर हर व्यक्ति विभिन्न है सभी की अपनी कुछ खासियत और खामियां हैं। किसी से भी अपनी तुलना करना व्यर्थ है क्योंकि तुलना उन्हीं में की जाती है जो एक से है। जब हम अपनी तुलना किसी और से करते हैं तो सूक्ष्म रूप से हम अपना अपमान कर रहे होते ऐसा कदापि ना करें।
मनुष्य के लिए यह बहुत आवश्यक है कि वह भूतकाल और भविष्य की चिंता ना करें और वर्तमान में जिए। जो व्यक्ति भूतकाल की बातों और भविष्य की चिंता में रहता वह अपने वर्तमान का आनंद नहीं उठा पाता। कहते हैं
"यदि आप निराश हैं तो आप अतीत में रह रहे हैं।
अगर आप चिंतित हैं तो आप भविष्य में रह रहे हैं।
यदि आप शांतचित है तो आप वर्तमान में जी रहे हैं।"
जीवन में आप चाहे कितना धन कमा लें या कोई मक़ाम हासिल कर ले लेकिन अगर आप स्वस्थ नहीं हैं तो आप सुख से वंचित ही रहेंगे। स्वास्थ्य जीवन का बहुत ही महत्वपूर्ण अंग है। इसलिए अपनी सेहत का ध्यान रखें, अच्छा भोजन करें, प्रतिदिन व्यायाम करें, जल्दी सोये और जल्दी उठे।
चाहे कैसी भी समस्या हो छोटी या बड़ी वह एक सीमित अवधि के लिए ही होती है। कोई भी समस्या अनिश्चित काल के लिए नहीं होती है । जब हम इस बात को समझ के जीवन जीते हैं तब किसी भी समस्या के आने पर हम निराश नहीं होते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि यह बात आई ही है जाने के लिए।
गुलाब के फूल का प्रयोग बहुत से मोको पर होता है जैसे:- शादी, जन्मदिन, सालगिरह, श्रद्धांजलि, शोक समारोह आदि। सुख के समय पर भी और दुख के समय पर भी परंतु गुलाब का फूल एक जैसा रहता है "खिला हुआ"। अर्थात कैसी भी परिस्थिति हमारे जीवन में आ जाए हमें हमेशा शांत रहना चाहिए और अपने संयम से काम लेना चाहिए।